Follow Us on Our Social Media
अपराध / हादसाछत्तीसगढ़
Trending

रायपुर में NEET की तैयारी कर रहे 17 वर्षीय छात्र ने की आत्महत्या, किराये के मकान में फंदे पर मिला शव

Follow Us on Our Social Media

रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कुशालपुर में NEET की तैयारी कर रहे 17 वर्षीय छात्र की आत्महत्या का मामला सामने आया है। छात्र का शव किराये के मकान में पंखे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बलौदाबाजार निवासी श्रेयांश बंजारे (17 वर्ष), पिता हरपाल बंजारे के रूप में हुई है। वह अक्टूबर 2026 से कुशालपुर में किराये के मकान में रहकर एलेन कोचिंग संस्थान में मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET की तैयारी कर रहा था।

बताया जा रहा है कि बुधवार को छात्र कोचिंग नहीं पहुंचा। उसके दोस्तों ने कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दोस्त कुशालपुर स्थित उसके किराये के मकान पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से झांककर देखने पर छात्र का शव पंखे से लटका दिखाई दिया। दोस्तों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मृतक के पिता की मौजूदगी में दरवाजा खुलवाकर कमरे में प्रवेश किया। जांच के दौरान छात्र के हाथ में एक युवती का प्रेम पत्र मिलने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि पत्र में युवती ने प्रेम संबंधों में अधिक उलझने के बजाय अपने करियर और भविष्य पर ध्यान देने की सलाह दी थी। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है।

घटनास्थल का फोरेंसिक टीम ने निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस दोस्तों, मकान मालिक और परिजनों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

mahipal sao

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के क्षेत्र में करियर… More »

Related Articles

Back to top button