बसना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 30 किलो गांजा और कार जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

बसना । थाना बसना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 30 किलो से अधिक गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 06 जनवरी 2026 को पलसापाली बेरियर पर वाहन चेकिंग के दौरान की गई। सउनि जयंत बारीक अपने स्टाफ के साथ चेकिंग अभियान पर तैनात थे।
इस दौरान सियाज कार क्रमांक CG04 PV 0112 को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक घबराकर वाहन मोड़ने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोका। पूछताछ में चालक ने कार की डिक्की में गांजा होने की जानकारी दी। गवाहों की मौजूदगी में विधिवत तलाशी लेने पर डिक्की से दो सफेद प्लास्टिक बोरियों में भरा गांजा बरामद किया गया।
तौल करने पर एक बोरी में 20.100 किलो और दूसरी में 10.100 किलो गांजा पाया गया। बोरी सहित कुल वजन 30.200 किलो रहा, जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त सियाज कार (कीमत करीब 5 लाख रुपये) और एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। कुल जब्ती की कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई है।
आरोपी की पहचान लकेश्वर यादव (30 वर्ष), निवासी परतेवा, थाना राजिम, जिला गरियाबंद के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे विवेचना कर रही है।



