
बसना। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के गढ़फुलझर वितरण केंद्र द्वारा राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राज्य की विद्युत विकास यात्रा, सेवा विस्तार और उपभोक्ता सहभागिता को समर्पित रहा।
कार्यक्रम में श्री जितेंद्र त्रिपाठी (जिला महामंत्री, भाजपा जिला महासमुंद), श्री प्रकाश सिंहा (जनपद सभापति), श्री नरहरी पोर्ते (मंडल अध्यक्ष), हरप्रीत कौर (सरपंच), सहित अनेक जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर कंपनी की 25 वर्षों की उपलब्धियों, विद्युत सेवा के विस्तार, उपभोक्ता सुविधाओं में सुधार तथा सेवा गुणवत्ता की सराहना की गई।
महोत्सव के दौरान बीपीएल कनेक्शनधारी उपभोक्ताओं, नियमित भुगतान करने वाले घरेलू, गैर-घरेलू एवं कृषक उपभोक्ताओं तथा पीएम सूर्य घर योजना के प्रथम पाँच लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। श्री जितेंद्र त्रिपाठी ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर प्लांट स्थापना हेतु सरकारी सब्सिडी का लाभ लेने का आह्वान किया।
सहायक अभियंता श्री एन. के. आदित्य ने विद्युत विकास, कृषक जीवन ज्योति योजना, एकल बत्ती योजना, मोर बिजली मोबाइल ऐप एवं स्मार्ट मीटर जैसी नई तकनीकों की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन किया गया।



