गरियाबंद में सुशासन कार्यक्रम के दौरान पेड़ गिरने की घटना के घायलों को मिली राहत, प्रशासन और रेडक्रॉस ने बढ़ाया मदद का हाथ

गरियाबंद, 05 जून 2026: जिले के विकासखंड अंतर्गत ग्राम खरहरी में 27 मई 2026 को आयोजित सुशासन कार्यक्रम के दौरान हुई एक अप्रत्याशित घटना में घायल हुए लोगों को जिला प्रशासन और रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। कार्यक्रम के दौरान अचानक एक बरगद का पेड़ गिरने से सात लोग घायल हो गए थे, जिनमें से पांच का उपचार स्थानीय स्तर पर तथा दो गंभीर घायलों को उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर किया गया था।घटना में गंभीर रूप से घायल 12 वर्षीय मेसराज सिन्हा (पिता होरीलाल सिन्हा), निवासी ग्राम खरहरी का उपचार एक निजी अस्पताल में किया गया, जिसमें लगभग 35 हजार रुपये का खर्च आया। यह पूरा खर्च शासन की आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत वहन किया गया। उपचार सफल रहने के बाद बालक को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और वह वर्तमान में अपने घर पर पूर्णतः स्वस्थ है।इसी प्रकार, ग्राम रावनसिंघी निवासी 16 वर्षीय अनुराग साहू (पिता ओमप्रकाश साहू) को गंभीर हालत में रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल रायपुर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।मानव सेवा की भावना के तहत भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा गरियाबंद द्वारा दोनों गंभीर घायलों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है। रेडक्रॉस सोसायटी के जिला अध्यक्ष एवं कलेक्टर बी.एस. उइके तथा जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप ने मेसराज सिन्हा को 16 हजार रुपये तथा अनुराग साहू को 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की।जिला प्रशासन ने कहा है कि घायलों के समुचित उपचार, स्वास्थ्य लाभ और आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए हर संभव सहायता लगातार जारी रहेगी। इस पहल से पीड़ित परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन और रेडक्रॉस की इस संवेदनशीलता की सराहना की है।



