छत्तीसगढ़
Trending

छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश, कई जिलों में ऑरेंज-यलो अलर्ट जारी

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया का असर अब छत्तीसगढ़ में साफ दिखाई दे रहा है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में शनिवार को जोरदार बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई।

बिलासपुर और बस्तर संभाग के जिलों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। हालांकि, अब तक प्रदेश में मौसमी वर्षा सामान्य से 46 प्रतिशत कम रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। शनिवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि प्रदेश का न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया।

प्रदेश में सबसे अधिक 14 सेंटीमीटर वर्षा बड़े बचेली में दर्ज की गई। इसके अलावा ओरछा में 7 सेमी तथा चांपा, कोंटा, कुटरू, भैरमगढ़, थानखमरिया और बारामकेला में 6-6 सेमी बारिश हुई।

मालखरौदा, कोहकामेटा, सेवरीनारायण, जांजगीर, बीजापुर, सारंगढ़, गंगालूर और सरिया में 5-5 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। कई अन्य जिलों में भी 2 से 4 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई।

इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, बेमेतरा और कबीरधाम जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इन क्षेत्रों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में यलो अलर्ट

सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और बारिश की संभावना है।

रायपुर में आज भी बारिश के आसार

शनिवार रात हुई बारिश के बाद रविवार सुबह से राजधानी रायपुर में आसमान बादलों से घिरा रहा। मौसम विभाग ने दिनभर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Related Articles

Back to top button