गरियाबंद में चरित्र-लांछन का खूनी बदला: दो महिलाओं ने मिलकर महिला को बेरहमी से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट..


गरियाबंद। जिले के मैनपुर विकासखंड अंतर्गत शोभा थाना क्षेत्र के ग्राम गरीबा में एक दिल दहला देने वाली हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है।
चरित्र-लांछन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां दो महिलाओं ने मिलकर एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतका की पहचान सुमित्रा नेताम (37 वर्ष), पति दलसुराम नेताम, निवासी ग्राम गरीबा के रूप में हुई है। वह गांव से लगभग 800 मीटर दूर खेत की लारी में अकेली रहती थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि सुमित्रा का गांव की ही दो महिलाओं—सुगंतिन नेताम (36 वर्ष) और ईतवारिन बाई (46 वर्ष)—से पहले मेल-जोल था, जो बाद में आपसी विवाद में बदल गया।
आरोप है कि सुमित्रा नेताम गांव-गांव जाकर दोनों महिलाओं के चरित्र को लेकर लगातार आरोप और लांछन लगाती थी। इस बात से आक्रोशित होकर दोनों आरोपियों ने सुमित्रा को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
घटना के दिन दोनों महिलाएं मृतका की लारी में पहुंचीं, जहां पहले उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद आरोपियों ने अमानवीय तरीके से हमला करते हुए लात-घूंसे और डंडे से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।
घटना की सूचना गांव के सरपंच द्वारा पुलिस को दी गई। क्षेत्र नक्सल प्रभावित और दुर्गम होने के कारण पुलिस टीम 2 फरवरी को मौके पर पहुंच सकी। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
शोभा थाना प्रभारी एवं प्रभारी एएसआई नकुल सिदार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण चरित्र-लांछन सामने आया है। दोनों आरोपी महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
इस जघन्य घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक तनाव और आपसी विवादों के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है।



