विश्व पर्यावरण दिवस पर कोपेकसा बना हरित ग्राम मॉडल, ग्रामीणों ने लिया जल बचाने का संकल्प

गरियाबंद, 05 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के तहत गरियाबंद विकासखंड के ग्राम कोपेकसा में जल संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता पर व्यापक कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में कलेक्टर श्री बी.एस. उइके, पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर एवं जिला पंचायत सीईओ श्री प्रखर चंद्राकर की उपस्थिति में ग्रामीणों को जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा एवं प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली की शपथ दिलाई गई।कार्यक्रम में “हरित पंचायत, हरित स्कूल और हरित ग्राम” की अवधारणा प्रस्तुत करते हुए सामुदायिक सहभागिता से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर जोर दिया गया। ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अतिथियों का स्वागत किया तथा गांव को इको-फ्रेंडली रूप में सजाया गया।एसॉर्ड एनजीओ द्वारा जल बजट, वाटरशेड प्रबंधन, रूफ वाटर हार्वेस्टिंग और भू-जल पुनर्भरण जैसे विषयों पर तकनीकी जानकारी दी गई। वहीं कृषि, स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।कार्यक्रम में बच्चों ने रंगोली, चित्रकला एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अंत में अतिथियों और ग्रामीणों ने मिलकर हरित गरियाबंद के निर्माण हेतु जल संरक्षण और वृक्षारोपण की सामूहिक शपथ ली।

