श्मशान में दफन थे पति-पत्नी के शव, एक सप्ताह बाद खुला डबल मर्डर का सनसनीखेज राज; तीन गिरफ्तार

मैनपुर। गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड अंतर्गत राजापड़ाव क्षेत्र के ग्राम गरीबा में एक दिल दहला देने वाला दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है। पुरानी रंजिश के चलते पति-पत्नी की हत्या कर उनके शवों को बोरे में भरकर श्मशान घाट में दफना दिया गया। घटना का खुलासा करीब एक सप्ताह बाद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतकों की पहचान राजाराम नेताम और उनकी पत्नी आशो बाई नेताम के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में ग्राम गरीबा निवासी लखीराम नेताम, रघुराम नेताम और नकुल राम नेताम को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के अनुसार 6 जून 2026 को आरोपियों ने पुरानी दुश्मनी के चलते दंपति पर डंडों से हमला किया। हमले में दोनों की मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से शवों को बोरे में भरकर गांव के श्मशान घाट में अलग-अलग स्थानों पर दफना दिया, ताकि किसी को घटना की जानकारी न मिल सके।मामले का पर्दाफाश उस समय हुआ जब गांव के एक अन्य व्यक्ति के निधन के बाद ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे। वहां उन्हें दो स्थानों पर ताजा खुदाई और दफन के निशान दिखाई दिए। ग्रामीणों को यह असामान्य लगा क्योंकि हाल के दिनों में गांव में किसी अन्य व्यक्ति की मृत्यु नहीं हुई थी।



इसी दौरान ग्रामीणों को पिछले एक सप्ताह से लापता राजाराम नेताम और आशो बाई नेताम की याद आई। संदेह गहराने पर उन्होंने शोभा थाना पहुंचकर इसकी सूचना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पवन वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत श्मशान घाट में खुदाई कराई गई, जहां से दो शव बरामद हुए। जांच में पुष्टि हुई कि दोनों शव लापता दंपति के ही हैं।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी साजिश और घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक परीक्षण के लिए अवशेष रायपुर भेजे गए हैं। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद मामले से जुड़े और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।एक सप्ताह तक श्मशान में दफन रहे पति-पत्नी के शवों के बरामद होने से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीण इस जघन्य अपराध के आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं, जबकि पुलिस मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच कर रही है।

