अपराध / हादसा
Trending

गरियाबंद में विवाहिता लापता, परिजनों ने जताया अपहरण का संदेह

गरियाबंद/छुरा। गरियाबंद जिले के छुरा थाना क्षेत्र के ग्राम करचाली से एक 35 वर्षीय विवाहिता के लापता होने का मामला सामने आया है। महिला के पति ने 14 अगस्त को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

परिजनों द्वारा महिला के किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ जाने या अपहरण की आशंका जताए जाने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम करचाली निवासी घासीराम यादव (37 वर्ष) राजमिस्त्री का काम करता है। वह रोजाना काम के लिए पास के ग्राम रानीपरतेवा जाता है।

13 अगस्त को सुबह करीब 11 बजे वह खाना खाने के बाद काम के लिए घर से निकला था। दोपहर करीब 3 बजे जब वह वापस घर पहुंचा तो उसकी पत्नी निर्मला बाई यादव (35 वर्ष) घर पर नहीं थी।

काफी देर तक पत्नी के वापस नहीं आने पर घासीराम ने आसपास, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उसने 14 अगस्त को छुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 30/26 दर्ज कर महिला की तलाश शुरू की।

परिजनों ने जताया अपहरण का संदेह

गुमशुदगी की जांच के दौरान पुलिस ने पति और परिजनों के बयान दर्ज किए। बयानों में महिला के किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण किए जाने की आशंका जताई गई। इसके आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 140(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

ये है लापता महिला का हुलिया

लापता महिला की पहचान निर्मला बाई यादव, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम करचाली, थाना छुरा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसका चेहरा गोल-अंडाकार, रंग गोरा, बाल काले और छोटे तथा माथा चौड़ा है।

चेहरे पर झाई का दाग है और बाएं हाथ पर गोदना से बनी आकृति है। घटना के समय वह हल्के लाल रंग की साड़ी पहने हुए थी। उसकी लंबाई करीब 4 फीट 10 इंच बताई गई है। महिला तीसरी कक्षा तक पढ़ी है और हिंदी व छत्तीसगढ़ी भाषा बोलती-समझती है।

पुलिस ने महिला की तलाश के लिए गरियाबंद कंट्रोल रूम, डीसीबी शाखा तथा जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को सूचना भेजी है। पुलिस द्वारा संभावित स्थानों पर तलाश के साथ महिला से जुड़े लोगों और परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button