
बसना। थाना बसना पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वार्ड नंबर 1 इंदिरा कॉलोनी देवार मोहल्ला के पास एक व्यक्ति को 30 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कीमत करीब 6 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2026 को पुलिस टीम शासकीय वाहन से टाउन पेट्रोलिंग पर रवाना हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इंदिरा कॉलोनी देवार मोहल्ला के पास एक व्यक्ति शराब बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
मौके से पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम उत्तम मिरी पिता भुजबल मिरी, उम्र 44 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 1 इंदिरा कॉलोनी, बसना बताया। तलाशी के दौरान उसके पास रखे नीले रंग के जरकीन में 30 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद हुई।
पुलिस ने शराब को गवाहों के समक्ष जब्त कर सीलबंद किया। आरोपी से शराब रखने एवं बिक्री के संबंध में वैध दस्तावेज अथवा लाइसेंस मांगा गया, लेकिन उसके पास कोई वैध कागजात नहीं मिले।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 18 अगस्त 2026 की रात करीब 11:10 बजे गिरफ्तार किया। मामला अजमानतीय होने के कारण आरोपी के परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना देकर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।



