
महासमुंद। सुशासन तिहार के तहत जनपद पंचायत बसना क्षेत्र में जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जा रहा है। ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के लिए प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बसना पीयूष सिंह ठाकुर ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लिए कुल 460 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 53 आवेदनों को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है, जबकि शेष आवेदनों की जांच और आवश्यक प्रक्रिया जारी है, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय-सीमा में लाभ मिल सके।
राशन कार्ड से संबंधित विभिन्न सेवाओं के लिए भी ग्रामीणों से 332 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें नए राशन कार्ड के लिए 91, नाम जोड़ने के लिए 128, नाम सुधार के लिए 23, एपीएल से बीपीएल श्रेणी में परिवर्तन के लिए 36 तथा केवाईसी संबंधी समस्याओं के लिए 12 आवेदन शामिल हैं।
प्रशासन द्वारा सभी आवेदनों का परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार लाभ दिलाने की प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संचालित की जा रही है। संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का संवेदनशील और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही हितग्राहियों को आवेदन की स्थिति और स्वीकृति की जानकारी फोन के माध्यम से भी दी जा रही है।
शौचालय स्वीकृति और राशन कार्ड जैसी सुविधाओं का लाभ मिलने पर बसना विकासखंड के हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। प्रशासन का कहना है कि सुशासन तिहार के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

