छत्तीसगढ़

महासमुंद में मातृ वंदना योजना पर प्रशिक्षण, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर फोकस


महासमुंद। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बागबाहरा स्थित आईसीडीएस परियोजना कार्यालय में एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण में योजना के सफल संचालन, शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों के पंजीयन, लंबित प्रकरणों के निराकरण तथा मैदानी अमले की क्षमता वृद्धि पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न परियोजना क्षेत्रों से आए बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ), सेक्टर पर्यवेक्षक और डाटा एंट्री ऑपरेटर शामिल हुए।

प्रशिक्षण के दौरान योजना के तकनीकी, प्रशासनिक और व्यवहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ समय पर पहुंचाया जा सके।

प्रशिक्षण में जिला कार्यक्रम अधिकारी टिकवेंद्र जटवार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

वहीं राज्य स्तर से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स ने योजना की पात्रता, नवीन दिशा-निर्देश, पोर्टल संचालन, ऑनलाइन पंजीयन, आवेदन सत्यापन, भुगतान प्रक्रिया तथा लंबित मामलों के निराकरण की जानकारी दी।

प्रशिक्षकों ने डाटा एंट्री में सटीकता और समयबद्धता को योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए महत्वपूर्ण बताया। इस दौरान फील्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं और उनके समाधान पर भी चर्चा की गई।

जिला कार्यक्रम अधिकारी टिकवेंद्र जटवार ने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने वाली महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले की कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे और शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं पर्यवेक्षकों को हितग्राहियों से सतत संपर्क बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

Related Articles

Back to top button