
ठंड के मौसम में शाम होते ही कुछ गरम और चटपटा खाने का मन हर किसी का करता है। रोज़-रोज़ पकौड़े, समोसे या तले हुए स्नैक्स खाना जहां सेहत के लिए ठीक नहीं, वहीं यह बोरिंग भी लगने लगता है।
ऐसे में चाइनीज भेल एक बेहतरीन और यूनिक विकल्प के रूप में तेजी से लोकप्रिय हो रही है। यह डिश स्वाद में कुरकुरी, चटपटी और हल्की तीखी होती है, जिसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है।
चाइनीज भेल बनाने के लिए उबले हुए नूडल्स, पत्ता गोभी, शिमला मिर्च, प्याज, गाजर, हरी मिर्च और लहसुन जैसी सब्जियों का इस्तेमाल किया जाता है।
स्वाद बढ़ाने के लिए सोया सॉस, चिली सॉस, टोमैटो केचप और सिरका डाला जाता है। इसकी खास बात यह है कि इसे तेज आंच पर कम समय में पकाया जाता है, जिससे सब्जियां कुरकुरी बनी रहती हैं।
कड़ाही में तेल गरम कर लहसुन और हरी मिर्च भूनने के बाद सब्जियां और नूडल्स मिलाए जाते हैं। अंत में सॉस डालकर इसे अच्छे से मिक्स किया जाता है। ऊपर से तली हुई नूडल्स या कुरकुरे सेव डालकर परोसी जाने वाली चाइनीज भेल ठंड की शामों में स्वाद और मज़ा दोनों बढ़ा देती है। यह डिश बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को खूब पसंद आती है।



