
रायपुर। राजधानी रायपुर में बारिश के बीच खुले नाले ने एक चार वर्षीय मासूम की जान ले ली। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के महात्मा गांधी नगर में सोमवार को गली में खेलते समय काव्यांश साहू अचानक पानी के तेज बहाव के साथ नाले में जा गिरा।
बहते-बहते बच्चा करीब 500 मीटर दूर जा पहुंचा। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे नाले से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, काव्यांश 4-5 बच्चों के साथ गली में खेल रहा था। बारिश के कारण गली में पानी भरा हुआ था। खेलते समय वह अचानक नाले में गिर गया और पानी के बहाव में बह गया। बताया जा रहा है कि करीब तीन फीट गहरे नाले से बच्चे को बाहर निकाला गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के दौरान बच्चे की बड़ी बहन भी वहां मौजूद थी। आरोप है कि उसने तत्काल पास के दुकानदार से मदद मांगने के बजाय अपनी मां को बुलाने चली गई।
इसी दौरान बच्चा पानी के बहाव में काफी दूर तक चला गया। हालांकि, हादसे के बाद समय पर मदद मिलने से बच्चे को बचाया जा सकता था या नहीं, यह जांच का विषय है।
निगम की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
इस दर्दनाक घटना के बाद नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बारिश के मौसम में शहर के कई इलाकों में खुले नाले, गड्ढे और जलभराव लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नालियों की सफाई और खुले नालों को सुरक्षित करने के लिए समय रहते पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए।
करीब 2000 करोड़ रुपये से अधिक बजट वाले नगर निगम क्षेत्र में इस तरह के हादसे ने नालों की सुरक्षा व्यवस्था और बारिश से पहले की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने खुले नालों को ढंकने, बैरिकेडिंग करने और जलभराव वाले स्थानों पर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है।



