उधारी की रकम मांगने पहुंचे युवक से मारपीट, गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी

झलप/महासमुंद। ग्राम झलप में फर्नीचर दुकान के लिए उधारी की रकम मांगने पहुंचे एक युवक के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पीड़ित झलप में फर्नीचर दुकान पर काम करता है और कक्षा 10वीं तक पढ़ा है। 16 अगस्त 2026 को वह अपने दोस्त सतीश दयाल के साथ दुकान संचालक नवदीप सलूजा के कहने पर ग्राम ढांक निवासी गोविंद पटेल के घर उधारी की रकम मांगने गया था।
पीड़ित के मुताबिक, गोविंद पटेल गांव में अपने घर के सामने मिला। उसे बताया गया कि फर्नीचर दुकान की उधारी की रकम लेने के लिए नवदीप सलूजा ने भेजा है। इसके बाद मोबाइल फोन के माध्यम से दुकान संचालक से गोविंद पटेल की बात भी कराई गई।
बातचीत खत्म होने के बाद गोविंद पटेल कथित रूप से नाराज हो गया और युवक से गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि उसने युवक के बाल पकड़कर हाथ-थप्पड़ से मारपीट की तथा दोबारा गांव में आने पर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित ने बताया कि घटना के दौरान उसका दोस्त सतीश दयाल मौके पर मौजूद था, जिसने मारपीट देखी और बीच-बचाव किया। मारपीट में पीड़ित के गाल में चोट आई और दर्द होने की बात कही गई है।
पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। पुलिस घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।



