
रायपुर। छत्तीसगढ़ में शनिवार से मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। कई जिलों में शनिवार को भारी बारिश होने के भी आसार हैं। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में तीन अलग-अलग मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं, जिनके प्रभाव से प्रदेशभर में वर्षा की गतिविधियां तेज होंगी। अगले तीन से चार दिनों में मानसून छत्तीसगढ़ के शेष क्षेत्रों में भी पूरी तरह सक्रिय होने की संभावना है।
विभाग का कहना है कि कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है। बारिश से किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी है। साथ ही खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से परहेज करने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है।



