कंटेनर में 60 लाख का गांजा, गुजरात के दो तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद। ऑपरेशन निश्चय के तहत सिंघोड़ा पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एनएच-53 पर एक कंटेनर से 120.060 किलो गांजा बरामद किया है।
इसकी अनुमानित कीमत 60.03 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने वाहन में सवार गुजरात निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले में लगातार संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से गांजे की खेप लेकर एक कंटेनर छत्तीसगढ़ की ओर आ रहा है।
सूचना के आधार पर रेहटीखोल के पास एनएच-53 पर घेराबंदी कर हरे-पीले रंग के कंटेनर क्रमांक CG06 AV 4815 को रोका गया।
वाहन की तलाशी लेने पर पीछे के डाले में रखी चार प्लास्टिक बोरियों से गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने इसे संबलपुर, ओडिशा से गुजरात ले जाना बताया। पुलिस ने मौके से मादक पदार्थ के साथ दो मोबाइल और कंटेनर भी जब्त किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वसीम शाह (38), निवासी नडियाद, जिला खेड़ा और अय्यूब खान (56), निवासी बोरसद, जिला आनंद, गुजरात के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)ii(C) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने गांजे के अलावा 5,500 रुपए के दो मोबाइल फोन और करीब 10 लाख रुपए कीमत का कंटेनर जब्त किया है। इस तरह कार्रवाई में कुल 70.08 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई।


