Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़महासमुंद
Trending

छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिन झमाझम बारिश के आसार, कई जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट

Follow Us on Our Social Media

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों में कहीं न कहीं बारिश दर्ज की गई, जबकि बिलासपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक वर्षा हुई।

मौसम विभाग ने मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। साथ ही उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से आगामी पांच दिनों तक पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई गई है।

राजधानी रायपुर में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहे। हालांकि तेज बारिश नहीं हुई, लेकिन रुक-रुककर हल्की फुहारें पड़ती रहीं। प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा हुई।

सारंगढ़ में सबसे ज्यादा 14 सेंटीमीटर बारिश

पिछले 24 घंटों में सारंगढ़ में सर्वाधिक 14 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके बाद लाल बहादुर नगर में 11 सेंटीमीटर तथा सरायपाली, बड़े बचेली और कुसमी में 10-10 सेंटीमीटर बारिश हुई। चिरमिरी और डौंडीलोहारा में 9-9 सेंटीमीटर तथा सरसीवा में 8 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

इसके अलावा महासमुंद, बारमकेला, मुंगेली, छुरिया, डोंगरगांव, सरिया, धनोरा, भानुप्रतापपुर सहित कई क्षेत्रों में 6 से 7 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं प्रदेश के अनेक जिलों में 2 से 5 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई।

तापमान में भी गिरावट

बारिश के चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि पेंड्रा में न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, रायगढ़, दुर्ग और बेमेतरा जिलों में हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश में अगले पांच दिनों तक मानसूनी गतिविधियां बनी रहेंगी। ऐसे में कई जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

mahipal sao

वर्ष 2025 में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के… More »

Related Articles

Back to top button