Follow Us on Our Social Media
अपराध / हादसामहासमुंद

सेल्समैन की नौकरी के लिए ढाई लाख! सहकारी समिति अध्यक्ष पर रिश्वत मांगने का आरोप

Follow Us on Our Social Media

बसना। धान खरीदी केंद्र में सेल्समैन की नौकरी के लिए ढाई लाख रुपये मांगने के आरोप ने सहकारिता विभाग की नियुक्ति प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जिला सहकारी बैंक मर्यादित पिरदा अंतर्गत ग्रामीण सेवा साख सहकारी समिति सरकंडा पंजीयन क्रमांक 1225 के धान खरीदी केंद्र टांगापासा में विक्रेता सेल्समैन पद पर नियुक्ति को लेकर समिति अध्यक्ष पर रिश्वत मांगने और रकम नहीं देने पर नियुक्ति निरस्त करने की धमकी देने का आरोप लगा है।

मामले में आवेदक ने कथित बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग पेन ड्राइव में साक्ष्य के तौर पर कलेक्टर महासमुंद और उप पंजीयक सहकारिता को सौंपते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

नौकरी के बदले रकम मांगने का आरोप

ग्राम टांगापासा निवासी दुलेश पटेल, पिता मुरलीधर पटेल, ने समिति द्वारा धान खरीदी केंद्र टांगापासा में रिक्त सेल्समैन विक्रेता पद के लिए आवेदन किया था।

आवेदक का आरोप है कि समिति अध्यक्ष संतोष नायक, निवासी अजगरखार, ने नियुक्ति के एवज में उससे 2.50 लाख रुपये नकद मांगे। दुलेश के मुताबिक उसने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई तो उसे नियुक्ति निरस्त कर पद किसी अन्य व्यक्ति को देने की धमकी दी गई।

बातचीत रिकॉर्ड, पेन ड्राइव में सौंपा साक्ष्य

आवेदक का कहना है कि कथित रूप से पैसों की मांग और धमकी से संबंधित बातचीत उसने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली। इसी ऑडियो रिकॉर्डिंग को पेन ड्राइव में सुरक्षित कर शिकायत के साथ संबंधित अधिकारियों को सौंपा गया है। मामले की शिकायत शासन के सीएम हेल्पलाइन में भी दर्ज कराए जाने की बात सामने आई है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि सहकारी समिति में नियुक्ति प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए पैसों की मांग की जा रही है। उसने प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, ऑडियो रिकॉर्डिंग समेत उपलब्ध साक्ष्यों की जांच करने तथा आरोप सही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

साथ ही समिति अध्यक्ष को पद से हटाने की मांग भी की गई है। अब पूरे मामले में ऑडियो रिकॉर्डिंग की सत्यता और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच महत्वपूर्ण होगी। प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि सेल्समैन पद की नियुक्ति में वास्तव में पैसों का लेन-देन या दबाव बनाने का प्रयास हुआ था या नहीं।

mahipal sao

वर्ष 2025 में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के… More »

Related Articles

Back to top button