सड़क किनारे दीये बेच रही मीरा के पास अचानक पहुंचे CM साय, खरीदा ‘आशीर्वाद का दीया’

रायपुर। तेलीबांधा मरीन ड्राइव पर मिट्टी के दीये बेच रही मीरा के लिए उस वक्त माहौल खास हो गया, जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अचानक उसके पसरे पर पहुंचे।
उन्होंने ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के लिए एक दीया खरीदा और महिला को एक हजार रुपए देकर उसके श्रम व स्वावलंबन का सम्मान किया।
मुख्यमंत्री ने बातचीत में पूछा कि क्या उसे सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। मीरा ने बताया कि उसका जनधन खाता खुला है और महतारी वंदन योजना की राशि भी मिल रही है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं की सार्थकता तभी है, जब सहायता सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचे।
साय ने कहा कि सड़क किनारे छोटे विक्रेता, कुम्हार, शिल्पकार और स्थानीय उत्पाद तैयार करने वाली महिलाएं आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की ताकत हैं। स्थानीय सामान खरीदना उनके परिवार की आजीविका को सहारा देना है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलेगा। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की मदद जैसे कार्यों में भागीदारी की अपील की।
मुख्यमंत्री द्वारा खरीदा गया मिट्टी का दीया अब सेवा, जनभागीदारी और सकारात्मक बदलाव का प्रतीक बनेगा। इस दौरान विधायक पुरंदर मिश्रा भी मौजूद रहे।


