फिंगेश्वर रोड पर दर्दनाक हादसा, दो बाइक सवार घायल

राजिम। शिवाजी चौक फिंगेश्वर रोड के पास तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए पहले सीएचसी राजिम ले जाया गया, जहां से रेफर किए जाने के बाद धमतरी के एकता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, 8 सितंबर 2026 को शाम करीब 6 बजे नोहर लाल साहू और उसके साढ़ू भाई नंद कुमार साहू मोटरसाइकिल क्रमांक CG07 DE4802 से रिवागहन से कोमा होते हुए राजिम की ओर आ रहे थे। इसी दौरान शिवाजी चौक के पास राजिम की तरफ जा रहे ट्रक क्रमांक CG04 MH2300 ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना में दोनों के पैरों में चोट आई, जबकि मोटरसाइकिल का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के प्रत्यक्षदर्शी कोमा निवासी तोरन लाल साहू सहित अन्य लोगों के होने की बात शिकायत में कही गई है।
शिकायतकर्ता ने ट्रक चालक पर तेज और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।



