30 साल से लापता बड़े भाई की तलाश, पुलिस ने दर्ज किया अपराध

महासमुंद। तेंदूकोना थाना क्षेत्र के ग्राम सोहागपुर निवासी घासूराम गाडा ने अपने बड़े भाई घंसिया राम गाडा के करीब 30 साल से लापता होने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 63/2026 कायम कर मामले को जांच में लिया है।
प्रार्थी घासूराम गाडा (57 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि उसका बड़ा भाई घंसिया राम गाडा (60 वर्ष) 20 मई 1994 को सुबह करीब 10 बजे बिना बताए घर से कहीं चला गया था। इसके बाद से वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
घासूराम ने छत्तीसगढ़ शासन के गृह मंत्री को आवेदन देकर अपने लापता भाई का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कराने की मांग भी की है। उसने बताया कि भाई के लंबे समय से लापता होने के कारण धान विक्रय, ऋण लेने सहित विभिन्न शासकीय कार्यों में परेशानी हो रही है।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के तहत कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, गुम इंसान की जांच के दौरान लापता व्यक्ति के ठिकाने और सुरक्षा की जानकारी नहीं मिलने तथा उसे किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा ले जाकर अज्ञात स्थान पर रखे जाने की आशंका के मद्देनजर कार्रवाई की गई है। आवेदन में सर्वोच्च न्यायालय के 22 मई 2026 के निर्देश का उल्लेख करते हुए बालिग गुमशुदा व्यक्तियों के मामलों में एफआईआर दर्ज करने की बात कही गई है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लेने का उल्लेख किया है। मामले की सूचना डीसीबी शाखा महासमुंद को भेजी जा रही है।



