तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, युवक घायल; बसना में चल रहा इलाज

बसना। बसना से बिलाईगढ़ जाने वाले मार्ग पर ग्राम गोडमर्रा टुकड़ा के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक जितेन्द्र साहू घायल हो गया। हादसे में उसके कंधे, कमर, चेहरे और सीने में चोटें आई हैं।
घायल का उपचार बसना के अग्रवाल नर्सिंग होम में जारी है। मामले में घायल के भाई ने 11 अक्टूबर को थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, ग्राम भीखापाली निवासी जितेन्द्र साहू 8 अक्टूबर 2026 को अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG06HA4878 से निजी काम के सिलसिले में बसना जाने के लिए निकला था। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे गांव के अमित भोई ने उसके भाई को फोन कर गोडमर्रा टुकड़ा के पास दुर्घटना होने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। वहां डायल 112 की टीम मौजूद थी। घायल जितेन्द्र को डायल 112 की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अग्रवाल नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घायल के भाई के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शियों रवि भोई, जुगलेश और मिथलेश साव ने बताया कि कार क्रमांक CG08K2120 के चालक ने वाहन तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से जितेन्द्र बाइक सहित सड़क पर गिर गया और घायल हो गया। दुर्घटना में उसकी मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई।
परिजन ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद 11 अक्टूबर को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और मामले में कार्रवाई की मांग की।



