Follow Us on Our Social Media
गरियाबंदछत्तीसगढ़

बरसात थमते ही निर्माण कार्यों में आएगी तेजी, गुणवत्ता से समझौता नहीं; पीडब्ल्यूडी सचिवमुकेश बंसल ने किया औचक निरीक्षण

गरियाबंद में सड़कों, पुलों और सरकारी भवनों की प्रगति का लिया जायजा, अधिकारियों और ठेकेदारों को तय समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

Follow Us on Our Social Media

गरियाबंद, । जिले बारिश का दौर गुजरने के बाद अब जिले में निर्माण कार्यों को गति देने की तैयारी तेज हो गई है। सड़कों की मजबूती, पुल-पुलियों के निर्माण और सरकारी भवनों को समय पर पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने मैदानी निगरानी बढ़ाने की पहल की है। इसी सिलसिले में विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने गरियाबंद जिले का दौरा कर विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का पालन भी अनिवार्य होगा।

सड़क से सरकारी भवनों तक, निर्माण कार्यों की जमीनी पड़ताल

 

निरीक्षण के दौरान सचिव मुकेश कुमार बंसल ने फिंगेश्वर विकासखंड में कोपरा-पोखरा मार्ग के 26.20 किलोमीटर लंबे सड़क मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण कार्य की स्थिति देखी। इस परियोजना में पुल-पुलियों का निर्माण भी शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से कार्य की वर्तमान प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

 

इसके बाद उन्होंने राजिम में चौबेबांधा स्थित नवीन मेला स्थल से लक्ष्मण झूला तक प्रस्तावित 3.50 किलोमीटर लंबे फोरलेन मार्ग के निर्माण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप आगे बढ़ाया जाए, ताकि आम लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।

न्यायालय आवास से परिवहन कार्यालय तक, भवन निर्माण की समीक्षा

 

सड़क परियोजनाओं के साथ सचिव ने गरियाबंद में चल रहे शासकीय भवन निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। इनमें व्यवहार न्यायालय परिसर में न्यायिक अधिकारियों के लिए बनाए जा रहे दो डी-टाइप आवासगृह, जिला परिवहन कार्यालय भवन और 40 जीएडी आवासगृह शामिल हैं।

 

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण की स्थिति की जानकारी ली और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण पूरा करने और गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

दूरस्थ इलाकों तक पहुंचे सचिव, पुल निर्माण की स्थिति देखी

 

जिले के बिंद्रानवागढ़ क्षेत्र के दुर्गम इलाकों में भी सचिव ने निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कसाबाय-पतोरा दादर मार्ग पर आरडी 135 में चचंगी नाला पर निर्मित पुल एवं पहुंच मार्ग का जायजा लिया। यह निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।

 

इसके अलावा कसाबाय-सातधार मार्ग पर हलफली नाला में उच्चस्तरीय पुल और पहुंच मार्ग के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क और पुल जैसी आधारभूत सुविधाओं के विकास को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की स्थिति की जानकारी ली।

अब कागजी रिपोर्ट नहीं, मौके पर परखी जाएगी प्रगति

 

मैदानी निरीक्षण के बाद गरियाबंद सर्किट हाउस में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और ठेकेदारों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, काम में आ रही बाधाओं और उन्हें दूर करने के उपायों पर चर्चा हुई।

 

सचिव मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश के बाद निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए और सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के लिए समन्वय बनाकर काम किया जाए।

 

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। वरिष्ठ अधिकारी समय-समय पर निर्माण स्थलों पर पहुंचकर औचक निरीक्षण करेंगे, जिससे कार्यों की वास्तविक प्रगति और गुणवत्ता का आकलन किया जा सके।

 

### कार्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के भी निर्देश

 

दौरे के दौरान सचिव ने लोक निर्माण विभाग के संभागीय कार्यालय और उसके परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय में स्वच्छता, रखरखाव और बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता व्ही. के. भतपहरी सहित मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंता, अनुविभागीय अधिकारी और उप अभियंतागण उपस्थित रहे।

 

अब निगरानी के दायरे में होंगे निर्माण कार्य: विभाग की इस पहल का मुख्य उद्देश्य बरसात के बाद निर्माण कार्यों को गति देना, परियोजनाओं में होने वाली देरी को कम करना और जनता के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है। मैदानी निरीक्षण और नियमित समीक्षा से निर्माण कार्यों

की प्रगति पर लगातार नजर रखी जाएगी।

Related Articles

Back to top button