गन्ना किसानों को साय सरकार का बड़ा तोहफा, बोनस की गणना दर 355 से बढ़ाकर 425 प्रति क्विंटल

रायपुर, 12 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ सरकार ने गन्ना किसानों को आर्थिक राहत देने के लिए गन्ना बोनस की गणना का आधार 355 रुपये से बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में लिए गए इस निर्णय से प्रदेश के हजारों गन्ना उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा।
पेराई सत्र 2025-26 के लिए प्रदेश के चारों सहकारी शक्कर कारखानों से जुड़े कुल 31,022 किसानों को लगभग 51.09 करोड़ रुपये की बोनस राशि मिलने का अनुमान है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के विशेष प्रयासों से लिए गए इस निर्णय से किसानों को बढ़ी हुई दर के आधार पर बोनस मिलेगा। नवरात्रि से पहले लिए गए इस फैसले से विशेष रूप से कबीरधाम जिले के गन्ना किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।
14,961 किसानों को मिलेंगे ₹24.55 करोड़
भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना मर्यादित, राम्हेपुर, कवर्धा में पेराई सत्र 2025-26 के दौरान कुल 25,58,188 क्विंटल गन्ने की पेराई हुई। इस कारखाने को गन्ना बेचने वाले 14,961 किसानों को लगभग 24.55 करोड़ रुपये की बोनस राशि प्राप्त होगी।
बोनस की गणना के लिए गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) 329.05 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित आधार के रूप में लिया गया है।
बढ़ी हुई दर 425 रुपये में से एफआरपी की राशि घटाने पर किसानों को 95.95 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बोनस मिलेगा। इसी आधार पर भोरमदेव शक्कर कारखाने से जुड़े किसानों के लिए करीब 24.55 करोड़ रुपये की बोनस राशि निर्धारित होगी।
चारों शक्कर कारखानों के किसानों को मिलेगा लाभ
प्रदेश के चारों सहकारी शक्कर कारखानों में पेराई सत्र 2025-26 के दौरान कुल 53,25,120 क्विंटल गन्ने की पेराई हुई है। इस आधार पर गन्ना बेचने वाले 31,022 किसानों को लगभग 51.09 करोड़ रुपये की बोनस राशि प्राप्त होगी।
बोनस की गणना का आधार बढ़ाए जाने से किसानों को खेती की लागत वहन करने, समय पर कृषि कार्य कराने और आगामी फसल की तैयारी करने में आर्थिक सहायता मिलेगी। इससे कृषि संबंधी जरूरतों को पूरा करने में किसानों को अतिरिक्त संबल मिलने की उम्मीद है।
कबीरधाम के किसानों में खुशी
राज्य सरकार के इस निर्णय से कबीरधाम जिले के गन्ना उत्पादक किसानों में खुशी का माहौल है। किसानों ने गन्ना बोनस की गणना का आधार बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया है।
सरकार के इस फैसले से गन्ना उत्पादकों को मिलने वाली आर्थिक सहायता बढ़ेगी। साथ ही, आगामी खेती की तैयारी और कृषि निवेश के लिए किसानों को अतिरिक्त राशि उपलब्ध होगी।



