सरदार सिंह बने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के एंबेसडर, 21 अक्टूबर से रायपुर में जमेगा हॉकी का रोमांच

रायपुर, 12 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान देने और स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराने की दिशा में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (CHL) का पहला सीजन 21 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है।
राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में 1 नवंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता के लिए भारतीय हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी सरदार सिंह को लीग एंबेसडर बनाया गया है। लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमों के 132 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में 18 पुरुष मुकाबलों के साथ महिला हॉकी का एक प्रदर्शनी मैच भी खेला जाएगा।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में रायपुर के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में छह फ्रेंचाइजी टीमों की घोषणा की गई। इस दौरान ड्रॉ के माध्यम से फ्रेंचाइजी को टीमें आवंटित की गईं और सभी टीमों की जर्सी लॉन्च की गई। प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ियों के साथ एक मुख्य कोच होगा।
स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा दिग्गजों के साथ खेलने का मौका
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में प्रदेश के 108 स्थानीय और 24 अतिथि खिलाड़ी मैदान पर उतरेंगे। प्रत्येक टीम में चार अतिथि खिलाड़ी शामिल होंगे। लीग की खासियत यह है कि हर टीम में एक पूर्व ओलंपियन मार्की खिलाड़ी के रूप में मौजूद रहेगा। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ खेलने, उनसे सीखने और अपने खेल को बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा।
लीग की छह टीमों में चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स, राजधानी रॉयल्स, मैनपाट टाइगर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और बैलाडीला बुल्स शामिल हैं। चक्रधर चैंपियंस की फ्रेंचाइजी जिंदल स्टील लिमिटेड, न्यायधानी नाइट्स की साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL), राजधानी रॉयल्स की श्री बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड, मैनपाट टाइगर्स की छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड और बैलाडीला बुल्स की फ्रेंचाइजी एनएमडीसी लिमिटेड के पास है।
टीमों के मार्की खिलाड़ियों में एस.वी. सुनील, सुरेंद्र कुमार, ललित कुमार उपाध्याय, चिंगलेनसाना सिंह, शमशेर सिंह और प्रदीप मोर शामिल हैं।
विजेता को 11 लाख, उपविजेता को छह लाख रुपये
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में खिलाड़ियों के प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के लिए कुल 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। इसमें विजेता टीम को 11 लाख और उपविजेता को छह लाख रुपये मिलेंगे। शेष चार लाख रुपये व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए रखे गए हैं।
प्रत्येक पुरुष मुकाबले के प्लेयर ऑफ द मैच को 10 हजार रुपये दिए जाएंगे। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को एक लाख रुपये मिलेंगे। इसके अलावा टॉप स्कोरर, सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ी खिलाड़ी और अंडर-21 वर्ग के उभरते खिलाड़ी को 30-30 हजार रुपये दिए जाएंगे।
हॉकी के साथ संस्कृति और मनोरंजन का भी तड़का
लीग के मुकाबले प्रतिदिन शाम 5:30 बजे और 7:30 बजे खेले जाएंगे। दोनों मैचों के बीच मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उद्घाटन समारोह में छत्तीसगढ़ की कला और सांस्कृतिक विरासत के साथ देशभक्ति से जुड़ी प्रस्तुतियां भी होंगी। पंजाबी गायक जस्सी गिल और बब्बल राय मुख्य आकर्षण होंगे। इस अवसर पर हॉकी के पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों का सम्मान भी किया जाएगा।
स्टेडियम में सभी मुकाबलों के लिए दर्शकों का प्रवेश निःशुल्क रहेगा। जो दर्शक मैदान तक नहीं पहुंच पाएंगे, वे जियोहॉटस्टार (JioHotstar) पर लीग का लाइव प्रसारण देख सकेंगे।
‘बघवा’ मस्कट और ‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ टैगलाइन
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को प्रदेश की पहचान से जोड़ने के लिए विशेष लोगो, मस्कट और टैगलाइन तैयार की गई है। छत्तीसगढ़ के नक्शे और हॉकी खेलते खिलाड़ी की आकृति वाला लोगो प्रदेश में हॉकी की प्रगति का प्रतीक है। वहीं, बाघ को लीग का मस्कट बनाया गया है, जिसे ‘बघवा’ नाम दिया गया है। लीग की टैगलाइन ‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ रखी गई है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरदार सिंह जैसे प्रतिष्ठित खिलाड़ी को लीग एंबेसडर बनाना युवा खिलाड़ियों को सही संसाधन और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने लीग से जुड़ी छह फ्रेंचाइजी और प्रायोजकों का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी भागीदारी से प्रदेश में हॉकी को जमीनी स्तर पर बढ़ावा देने और खेल के विकास के लिए दीर्घकालिक साझेदारी मजबूत करने में मदद मिलेगी।
लीग एंबेसडर सरदार सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सितारों के रूप में विकसित करने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पहल दूसरे राज्यों के लिए भी उदाहरण बनेगी।
21 अक्टूबर से रायपुर में शुरू होने वाली यह लीग खेल प्रतियोगिता के साथ प्रदेश की खेल प्रतिभाओं, सांस्कृतिक विरासत और हॉकी के प्रति उत्साह को एक मंच पर लाने का प्रयास है।



