बागबाहरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 14.200 किलो गांजा के साथ महाराष्ट्र के दो आरोपी गिरफ्तार, 7.15 लाख का माल जब्त

बागबाहरा। महासमुंद जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 14 किलो 200 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, मोबाइल और नकदी सहित कुल 7 लाख 15 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर 2026 को थाना बागबाहरा की टीम नगर में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एनएच-353 स्थित पिथौरा चौक के पास दो व्यक्ति गांजा लेकर बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए गवाहों की मौजूदगी में मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखकर दोनों संदिग्ध भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान काशीनाथ पिरान्ना मुलगे (46 वर्ष) और जितेन्द्र सायबाना जिगजनी (37 वर्ष), दोनों निवासी अंबेडकर पुतला नंबर-02, रबाडा, नवी मुंबई (महाराष्ट्र) के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान काशीनाथ के नीले रंग के ट्रॉली बैग से पांच पैकेट में 10 किलो 200 ग्राम गांजा तथा जितेन्द्र के काले रंग के ट्रॉली बैग से दो पैकेट में 4 किलो गांजा बरामद हुआ। इस तरह पुलिस ने कुल 14 किलो 200 ग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत 7 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के बरहमपुर से महाराष्ट्र के नवी मुंबई ले जाने की बात बताई। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक सैमसंग मोबाइल, 1 हजार रुपये नकद और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए। जब्त सामग्री की कुल कीमत 7 लाख 15 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20(बी)(ii)(बी) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।



