छत्तीसगढ़
Trending

शहीद गौरहरि साव की स्मृति में स्कूल को भेंट किया वाटर कूलर

बसना। गढफुलझर आंचल के ग्राम आमापाली में अमर शहीद गौरहरि साव की पुण्यतिथि के अवसर पर शहादत दिवस गर्व और सम्मान के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर समस्त ग्रामवासी, विद्यार्थी एवं शहीद परिवार के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत हरि कीर्तन, देशभक्ति गीतों और जयकारों के साथ हुई।

सभी लोग रैली के रूप में शहीद स्मारक तक पहुंचे और शहीद गौरहरि साव को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद कार्यक्रम स्थल विद्यालय के पास स्थित शहीद स्मारक पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन किया गया। शहीद परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और ग्रामवासियों ने मिलकर शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।


इस अवसर पर शिक्षक छबिमन्यु सढ़ंंगी ने शौर्य वाचन करते हुए शहीद गौरहरि साव के बलिदान, घटनाक्रम, सम्मान और उनकी गौरवशाली विरासत के बारे में विस्तार से जानकारी दी।


उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान आज की नई पीढ़ी को देशप्रेम और कर्तव्य की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के दौरान शहीद की पुत्री मिनाक्षी साव और पिता सुभाषचंद्र साव ने हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए प्रोत्साहन राशि और मोमेंटो प्रदान किया।

कक्षा आठवीं के छात्र चैतन साव तथा कक्षा पांचवीं की छात्राएं अंजना साव और पूजा पसायत को कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।

साथ ही शासकीय उच्च प्राथमिक शाला आमापाली को शहीद पत्नी श्रीमती बालमोती साव और सुपुत्री मिनाक्षी साव की ओर से एक वाटर कूलर भी भेंट किया गया, जिसके लिए शाला परिवार ने आभार व्यक्त किया।


कार्यक्रम के अंत में मिनाक्षी साव ने सभी उपस्थित लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया और स्वल्पाहार वितरण किया गया। कार्यक्रम में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button