
बसना। बसना अनुविभाग में सुशासन तिहार के दौरान प्रशासन की एक प्रेरणादायी पहल देखने को मिली।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) हरिशंकर पैकरा, तहसीलदार के.के. साहू, जनपद पंचायत सीईओ पीयूष ठाकुर समेत 23 अधिकारी-कर्मचारी एक साथ बस में सफर कर ग्राम नगौड़ी पहुंचे।
यह पहल ईंधन संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और शासकीय कार्यों में मितव्ययिता का संदेश देने के उद्देश्य से की गई।
अधिकारियों ने बताया कि सामूहिक यात्रा से न केवल ईंधन की बचत होती है, बल्कि टीम भावना और आपसी समन्वय भी मजबूत होता है।
कलेक्टर विनय लंगेह द्वारा शासकीय कार्यों में अनावश्यक खर्च कम करने के निर्देश के बाद बसना प्रशासन ने यह कदम उठाया।
प्रशासन ने आम लोगों से भी कार पूलिंग और सामूहिक यात्रा को बढ़ावा देने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि ईंधन बचत केवल आर्थिक जरूरत नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए भी जरूरी है।



