Follow Us on Our Social Media
अपराध / हादसा
Trending

महासमुंद में अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 75 लीटर महुआ शराब जब्त, 4 गिरफ्तार

Follow Us on Our Social Media

महासमुंद। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने सरायपाली, बसना और सांकरा थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 75 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की है।

इस दौरान शराब परिवहन में उपयोग की जा रही एक बिना नंबर की स्कूटी भी बरामद की गई। पुलिस ने कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार सरायपाली थाना क्षेत्र के जोगनीपाली मोड़ के पास मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दो युवकों को पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से 60 लीटर महुआ शराब और परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की एक्टिवा स्कूटी जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंदन तांडी (22) और करन चौहान (21) के रूप में हुई है।

इसी तरह बसना थाना क्षेत्र के ग्राम ढालम में पुलिस ने दबिश देकर प्रभात चौहान (36) को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 8 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद हुई। वहीं सांकरा थाना क्षेत्र के ग्राम केसरीपुर में आत्माराम पटेल (36) को पकड़ा गया, जिसके कब्जे से 7 लीटर महुआ शराब जब्त की गई।

पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत करीब 95 हजार रुपये आंकी गई है।

महासमुंद पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक 8,369 लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त की जा चुकी है, जिसकी अनुमानित कीमत 23.42 लाख रुपये से अधिक है।

साथ ही 655 प्रकरणों में 741 लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

mahipal sao

वर्ष 2025 में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के… More »

Related Articles

Back to top button