देशभर में आज 28 अगस्त 2026 को रक्षाबंधन का पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस बार रक्षाबंधन पर भद्रा का साया नहीं है, इसलिए बहनें शुभ मुहूर्त में भाई की कलाई पर राखी बांध सकती हैं।

इसी दिन साल का आखिरी चंद्र ग्रहण भी है, लेकिन यह भारत में दिखाई नहीं देगा, इसलिए पर्व पर इसका कोई प्रभाव नहीं माना जा रहा है।

पंचांग के अनुसार सावन पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त सुबह 9:08 बजे शुरू होकर 28 अगस्त सुबह 9:48 बजे समाप्त होगी। राखी बांधने का प्रमुख शुभ मुहूर्त सुबह 5:57 बजे से 9:48 बजे तक है।

इसके अलावा अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:56 से 12:48 बजे तक रहेगा। शुभ चौघड़िया दोपहर 12:28 से 2:03 बजे और चर चौघड़िया शाम 5:13 से 6:48 बजे तक रहेगा।

ऐसे मनाएं रक्षाबंधन

बहनें स्नान कर पूजा की थाली में रोली, अक्षत, राखी, मिठाई और दीपक रखें। भाई को तिलक लगाकर राखी बांधें और आरती उतारें। भाई अपनी बहन को उपहार देकर उसकी रक्षा और हर सुख-दुख में साथ देने का संकल्प लें।