पलसापाली में 160 लीटर महुआ शराब जब्त,दो आरोपी फरार

बलौदा । जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम पलसापाली में पुलिस ने अवैध महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 160 लीटर शराब जब्त की है। जब्त शराब की कीमत करीब 32 हजार रुपए बताई गई है। मौके से शराब रखने में इस्तेमाल सामग्री भी बरामद हुई, जिससे कुल जब्ती की कीमत करीब 33 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को थाना बलौदा की टीम आरक्षक 631, 523 और नव आरक्षक 1053 के साथ शासकीय वाहन से अपराध पतासाजी के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पलसापाली में जंगल के पास खेत में दो व्यक्ति अवैध महुआ शराब बिक्री के लिए रखे हुए हैं।
सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन देखकर दो संदिग्ध व्यक्ति जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस ने उनकी तलाश की, लेकिन वे नहीं मिले। इसके बाद घटनास्थल की तलाशी लेने पर दो सफेद प्लास्टिक बोरियों और एक जूट बोरी में शराब से भरी पारदर्शी प्लास्टिक झिल्लियां मिलीं।
जांच के दौरान एक बोरी से 40 लीटर, दूसरी से 50 लीटर और जूट बोरी से 70 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। इस तरह कुल 160 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई। इसके अलावा दो नीले प्लास्टिक ड्रम, दो बड़े बर्तन (गंजी) और एक प्लास्टिक बाल्टी भी बरामद की गई।
पुलिस ने आसपास के खेतों में मौजूद लोगों से पूछताछ की। पूछताछ में फरार संदिग्धों की पहचान संजय जोल्हे और बशिष्ठ उर्फ धर्मेंद्र खुंटे, दोनों निवासी पलसापाली, थाना बलौदा के रूप में बताई गई।
मामले में पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए देहाती नालसी कायम की है। जब्त सामग्री को विधिवत सीलबंद कर पुलिस कब्जे में लिया गया। फरार संदिग्धों की तलाश और मामले की जांच जारी है।


