Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़
Trending

कांग्रेस मुख्यालय का घेराव कर महिला मोर्चा ने किया प्रदर्शन, आरोपी सांसद पर कार्रवाई की मांग

Follow Us on Our Social Media

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने शनिवार को राजधानी रायपुर में कांग्रेस के इनर मणिपुर से सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर छात्राओं के साथ कथित यौन दुर्व्यवहार के गंभीर आरोपों को लेकर प्रदर्शन किया।

महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन का घेराव किया और नारेबाजी कर कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए सांसद को पार्टी से निष्कासित करने और निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस का महिला सम्मान का नारा खोखला : रूपकुमारी चौधरी

भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कांग्रेस के ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ नारे पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी महिला सम्मान की बात करती है, लेकिन अपने सांसद पर छात्राओं के साथ कथित यौन दुर्व्यवहार के गंभीर आरोपों पर उसका नेतृत्व मौन है। उन्होंने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से इस मामले में जवाब देने की मांग की।

चौधरी ने कहा कि कांग्रेस को अपने सांसद के खिलाफ तत्काल कठोर कदम उठाने चाहिए और देश की बेटियों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई, तो भाजपा महिला मोर्चा इस मुद्दे को संसद से सड़क तक उठाएगा। उन्होंने कहा कि छात्राओं को न्याय दिलाने के लिए देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।

निष्पक्ष और कठोर कानूनी कार्रवाई हो : लक्ष्मी वर्मा

राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि छात्राओं से जुड़े इस मामले में बिना किसी राजनीतिक दबाव के निष्पक्ष जांच और कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर आरोप लगाया कि महिला सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर पार्टी का रवैया सवालों के घेरे में है।

वर्मा ने मांग की कि कांग्रेस आलाकमान आरोपों को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती और पीड़ित छात्राओं को न्याय मिलना चाहिए।

राहुल गांधी के महिला सशक्तीकरण के दावों पर सवाल : विभा अवस्थी

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राहुल गांधी और कांग्रेस के महिला सशक्तीकरण संबंधी दावों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व महिलाओं के सम्मान और पितृसत्ता को चुनौती देने की बात करता है, लेकिन अपनी ही पार्टी के सांसद पर लगे गंभीर आरोपों के मामले में उसका रवैया विरोधाभासी नजर आता है।

अवस्थी ने कहा कि महिला सुरक्षा और आत्मसम्मान के मुद्दे पर कांग्रेस को अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने सांसद के खिलाफ कार्रवाई और छात्राओं को न्याय दिलाने की मांग दोहराई।

कई वरिष्ठ महिला नेत्रियां रहीं मौजूद

राजीव भवन घेराव कार्यक्रम में जांजगीर सांसद कमलेश जांगड़े, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू, रायपुर महापौर मीनल चौबे, प्रदेश महामंत्री शीतल नायक, तिलेश्वरी धुरंधर और महिला मोर्चा की प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रियंका गिरी सहित जिला अध्यक्षों, मंडल पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

महिला मोर्चा ने स्पष्ट किया कि छात्राओं से जुड़े आरोपों पर निष्पक्ष कार्रवाई और न्याय सुनिश्चित करने की मांग को लेकर उसका विरोध जारी रहेगा।

mahipal sao

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। इसके पश्चात पत्रकारिता के क्षेत्र में करियर… More »

Related Articles

Back to top button