अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक विरासत का जलवा, दुर्लभ पांडुलिपियां और 300 साल पुराने ताम्रपत्र बने आकर्षण

रायपुर। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत देश-दुनिया का ध्यान आकर्षित कर रही है। यहां छत्तीसगढ़ पवेलियन में दुर्लभ पांडुलिपियों, प्राचीन ताम्रपत्रों और ऐतिहासिक अभिलेखों का विशेष प्रदर्शन किया जा रहा है। आचार्य रमेंद्रनाथ मिश्र के संग्रह से जुड़ी इन अनमोल धरोहरों को देखने के लिए लोग खास रुचि दिखा रहे हैं।
भारत व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) द्वारा आयोजित यह मेला 13 से 27 नवंबर 2026 तक चल रहा है। भारत मंडपम के हॉल नंबर 4 के प्रथम तल पर 1,000 वर्गमीटर क्षेत्र में स्थापित छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदेश की प्राचीन विरासत के साथ पारंपरिक कला, शिल्प, स्थानीय उत्पादों और विकास की संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया गया है।
कल्चुरि काल की पांडुलिपियां और 1735 का ताम्रपत्र खास आकर्षण
प्रदर्शनी में रतनपुर के कल्चुरि काल की औषधीय पांडुलिपियां ‘खूब तमाशा’ और ‘नासकेत’ विशेष आकर्षण बनी हुई हैं। इसके अलावा रायपुर के कल्चुरि राजवंश के अंतिम शासक अमर सिंह देव द्वारा वर्ष 1735 में जारी किया गया ताम्रपत्र भी प्रदर्शित किया गया है। यह दस्तावेज उस दौर के राजनीतिक और प्रशासनिक इतिहास की महत्वपूर्ण जानकारी देता है। गढ़ामंडल की वीरांगना रानी दुर्गावती के युग से संबंधित स्वर्णाक्षरित दुर्लभ पांडुलिपि और रामायण विषयक पांडुलिपियां भी लोगों के आकर्षण का केंद्र हैं।
1858 की पांडुलिपि में दर्ज है छत्तीसगढ़ का इतिहास
प्रदर्शनी में बाबू रेवाराम कायस्थ पंडित द्वारा वर्ष 1858 में लिखित ‘तवारीख-ए-हैहैय राजाओं की’ भी रखी गई है। इसे छत्तीसगढ़ के इतिहास की पहली पांडुलिपि माना जाता है। इस ग्रंथ में हैहैयवंशी यानी कल्चुरि राजाओं के इतिहास और उनके शासनकाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दर्ज हैं। इसके साथ ही ग्वालियर के महाराजा दौलतराव सिंधिया के शासनकाल की मोड़ी लिपि में लिखी कर-संबंधी सनद भी प्रदर्शित की गई है।
1913 की खर्च विवरणिका से झलकती है पुरानी आर्थिक व्यवस्था
प्रदर्शनी में पंडित रघुवंशनाथ ठाकुर द्वारा हस्तलिखित व्यय विवरणिका भी लोगों का ध्यान खींच रही है। प्रथम विश्वयुद्ध से ठीक पहले यानी वर्ष 1913 के आसपास तैयार इस दस्तावेज में उस समय की आर्थिक और वित्तीय स्थिति, दैनिक उपयोग की वस्तुओं के मूल्य तथा खर्चों का विवरण मिलता है। यह दस्तावेज छत्तीसगढ़ के आर्थिक इतिहास को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
रायपुर जेल में लिखी गई थी पहली हस्तलिखित जेल पत्रिका
प्रदर्शनी का एक और महत्वपूर्ण आकर्षण स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित सुंदरलाल शर्मा द्वारा रायपुर जेल में तैयार की गई ‘श्रीकृष्ण जन्मस्थान समाचार’ पत्रिका है। इसे भारत की पहली हस्तलिखित जेल पत्रिकाओं में से एक माना जाता है। असहयोग आंदोलन के दौरान वर्ष 1921-22 में जेल में रहते हुए पंडित सुंदरलाल शर्मा ने इसके छह अंक तैयार किए थे। इस पत्रिका में स्वतंत्रता सेनानियों और कैदियों के साथ जेल में होने वाले दुर्व्यवहार तथा कठिन परिस्थितियों का उल्लेख किया गया है।
ज्ञान भारतम मिशन से संरक्षित होगी ऐतिहासिक विरासत
प्राचीन पांडुलिपियों और ऐतिहासिक दस्तावेजों के संरक्षण के लिए केंद्र सरकार के ज्ञान भारतम मिशन के तहत सर्वेक्षण, सूचीकरण, संरक्षण और डिजिटलीकरण के प्रयास किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य भारत की विशाल हस्तलिखित विरासत को सुरक्षित रखते हुए आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 20 नवंबर को भारत मंडपम में छत्तीसगढ़ पवेलियन का अवलोकन किया था। उन्होंने कहा था कि छत्तीसगढ़ की पहचान अब नक्सलवाद और चुनौतियों से आगे बढ़कर समृद्ध जनजातीय विरासत, लोक संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और विकास की नई संभावनाओं के रूप में स्थापित हो रही है।
अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ अपनी ऐतिहासिक धरोहरों और आधुनिक विकास की तस्वीर को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत कर रहा है। पवेलियन का स्टॉल नंबर 4F-03-A है, जहां प्रदेश की संस्कृति, इतिहास और स्थानीय उत्पादों की झलक देखने को मिल रही है।



