दंतेवाड़ा में बनेगी जनजातीय गौरव वाटिका, वीर आदिवासी महानायकों की गाथाओं से रूबरू होगी नई पीढ़ी : मंत्री केदार कश्यप

रायपुर/दंतेवाड़ा। जनजातीय समाज के महानायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान की गौरवशाली गाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए दंतेवाड़ा में जनजातीय गौरव वाटिका विकसित की जाएगी। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा दंतेवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में इसकी घोषणा करते हुए वन विभाग को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर स्थित मेंडका डोबरा मैदान में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है। जनजातीय गौरव वाटिका के माध्यम से आने वाली पीढ़ियां अपने महानायकों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा ले सकेंगी।
मानगढ़ नरसंहार को बताया आदिवासी इतिहास का बड़ा बलिदान
मंत्री कश्यप ने 17 नवंबर 1913 को राजस्थान-गुजरात सीमा पर स्थित मानगढ़ पहाड़ी में संत गोविंद गुरु के नेतृत्व में हुए भील जनजातीय आंदोलन का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि ब्रिटिश सेना की गोलीबारी में लगभग 1,500 आदिवासी महिला, पुरुष और बच्चे शहीद हुए थे। इस घटना को मानगढ़ नरसंहार और आदिवासी जलियांवाला बाग के नाम से भी जाना जाता है।
उन्होंने कोमाराम भीम, अल्लूरी सीताराम राजू और रानी कमलापति जैसे जनजातीय महानायकों के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि इन वीरों का संघर्ष देश की आजादी और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
बच्चों को कराया जाएगा जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण
जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए मंत्री ने कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने वन विभाग को दंतेवाड़ा में जनजातीय गौरव वाटिका विकसित करने की कार्ययोजना बनाने, स्कूली बच्चों को छत्तीसगढ़ के जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण कराने तथा पारंपरिक मेला-मड़ई के संरक्षण और बेहतर आयोजन के लिए कलेक्टर को विस्तृत रूपरेखा तैयार करने को कहा।
पद्मश्री विभूतियों और प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान
कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी ने जनजातीय लोककला और परंपराओं के संरक्षण पर जोर दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय समाज के अन्य महानायकों के योगदान को याद किया।
इस अवसर पर पद्मश्री सम्मानित डॉ. बुधरी ताती और डॉ. रामचंद्र गोडबोले को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाले स्कूली विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में जनजातीय संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विभिन्न विभागों ने प्रदर्शनी लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख, मांझी-चालकी, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, अधिकारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



