बरबसपुर : जमीन विवाद में महिला से अभद्रता, चार लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत

बसना। ग्राम बरबसपुर में आबादी पट्टे की जमीन पर मकान निर्माण को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। एक महिला ने गांव के ही चार लोगों पर गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़िता के अनुसार, उसने अपने आबादी पट्टे की जमीन पर मकान बनाया है। आरोप है कि 21 नवंबर 2026 को शाम करीब 5:30 बजे गांव के दैत्य कुमार साहू, लखन पटेल, रविशंकर प्रधान और मोहन गड़तिया वहां पहुंचे। इस दौरान आरोपियों ने मकान निर्माण को अतिक्रमण बताते हुए महिला के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की।
महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपियों ने ड्रिल मशीन चलाकर जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना से वह भयभीत है। पीड़िता के मुताबिक, घटना के दौरान उसके भतीजे कैलाश साहू, एकाराम साहू और पति प्लारेलाल साहू मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने घटना देखी और सुनी।
महिला ने पुलिस से मामले में कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।



