भंवरपुर पुलिस की कार्रवाई, 20 लीटर महुआ शराब के साथ युवक गिरफ्तार

बसना। जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में भंवरपुर चौकी पुलिस ने ग्राम ललितपुर में दबिश देकर अवैध महुआ शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब जब्त की है, जिसकी कीमत 4 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर 2026 को पुलिस चौकी भंवरपुर की टीम शासकीय वाहन से क्षेत्र में गश्त एवं अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई के लिए निकली थी। इसी दौरान ग्राम झारबंद में मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम ललितपुर निवासी डमरूधर साहू (24 वर्ष), पिता घुरउ साहू, अपने घर की बाड़ी में बिक्री के लिए अवैध महुआ शराब रखे हुए है।
सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसकी बाड़ी के पास रखी नीले रंग की 20 लीटर क्षमता वाली प्लास्टिक बाल्टी में 20 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद हुई।
शराब रखने और बिक्री के संबंध में वैध दस्तावेज या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी डमरूधर साहू के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।



