पिथौरा में सड़क हादसे में साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत, जांच के बाद वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज

पिथौरा। महासमुंद जिले के पिथौरा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत के मामले में पुलिस ने जांच के बाद वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
हादसा 19 नवंबर को एनएच-53 पर जियो पेट्रोल पंप के पास हुआ था। साइकिल से सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी थी। गंभीर चोटों के कारण इलाज के बाद उनकी मौत हो गई थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गोपालपुर वार्ड नंबर-01 निवासी मनोहर सिन्हा (65 वर्ष) 19 नवंबर 2026 को पिथौरा न्यायालय में पेशी के लिए गए थे।
शाम करीब 4:30 से 5 बजे के बीच वे साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जियो पेट्रोल पंप के पास एनएच-53 पर सड़क पार करते समय रायपुर की ओर से आ रहे वाहन ने उनकी साइकिल को पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे में मनोहर को गंभीर चोटें आईं। उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा ले जाया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल महासमुंद रेफर किया गया। स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर परिजन उन्हें वापस घर ले आए, जहां 20 नवंबर की रात करीब 12 बजे उनकी मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने मर्ग क्रमांक 58/2026 दर्ज कर जांच शुरू की थी। परिजनों, पंच गवाहों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा डॉक्टर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने पाया कि महाराष्ट्र पासिंग वाहन क्रमांक MH 26 CH 4277 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए साइकिल सवार बुजुर्ग को टक्कर मारी थी।
जांच में अपराध पाए जाने पर पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) एवं मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।



