धान खरीदी से पहले किसानों की दावा-आपत्तियों का होगा सत्यापन, 30 नवंबर तक पूरी करनी होगी प्रक्रिया

महासमुंद। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी प्रक्रिया को सुगम और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने फसल प्रविष्टि से जुड़ी दावा-आपत्तियों के निराकरण की तैयारी तेज कर दी है। DCS एवं PV ऐप के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का सत्यापन कर खसरा और फसल संबंधी विसंगतियों को दूर किया जाएगा। इसके लिए खाद्य एवं राजस्व विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
निर्देशों के अनुसार, ऐसे किसानों के खसरे जो फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज हैं, लेकिन खसरा मंडल में प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं, उनकी मैपिंग संबंधित समिति के माध्यम से कराई जाएगी। इसके लिए समिति की आईडी में “एग्रीस्टैक से धान खरीदी हेतु भूमि विवरण सिंक करें” का विकल्प उपलब्ध कराया गया है। खसरा मैपिंग की प्रक्रिया धान खरीदी अवधि यानी 15 जनवरी 2027 तक की जा सकेगी।
खेतों में जाकर होगा फसल का भौतिक सत्यापन
DCS में अन्य फसल दर्ज होने के बावजूद धान बोने का दावा करने वाले किसानों और DCS एवं PV ऐप में फसल प्रविष्टि के लिए उपलब्ध नहीं होने के कारण सर्वेक्षण से छूटे खसरों का संबंधित तहसीलदार द्वारा भौतिक सत्यापन कराया जाएगा।
इस दौरान राजस्व अभिलेखों का मिलान कर खेत में बोई गई वास्तविक फसल और उसके रकबे की जांच की जाएगी। प्रत्येक मामले में मौका पंचनामा तैयार किया जाएगा। साथ ही वास्तविक फसल की स्थिति प्रमाणित करने के लिए स्थल के फोटोग्राफ भी संलग्न किए जाएंगे।
30 नवंबर तक देनी होगी सत्यापन रिपोर्ट
भौतिक सत्यापन के बाद सही एवं अद्यतन जानकारी निर्धारित प्रारूप में तैयार कर सक्षम प्राधिकारी से अनुमोदन प्राप्त किया जाएगा। इसके बाद फसल प्रविष्टि और संशोधन की आगे की कार्रवाई के लिए जानकारी 30 नवंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध करानी होगी।
कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश
कलेक्टर श्री विनय लंगेह ने जिले के सभी राजस्व अधिकारियों और खाद्य अधिकारियों को प्राप्त दावा-आपत्तियों का गंभीरता से सत्यापन कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पात्र किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। साथ ही भूमि एवं फसल संबंधी अभिलेखों में पारदर्शिता और शुद्धता बनाए रखने के लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें।
प्रशासन की इस पहल से खसरा एवं फसल प्रविष्टि संबंधी त्रुटियों को दूर करने और पात्र किसानों को धान बेचने में होने वाली परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है।



