बागबाहरा में किशोर पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में महासमुंद रेफर

बागबाहरा। महासमुंद जिले के बागबाहरा में गुरुनानक जयंती की शोभायात्रा के दौरान चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। शोभायात्रा देखने पहुंचे 13 वर्षीय किशोर पर एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया।
हमले में किशोर के हाथ और पेट में गंभीर चोटें आई हैं। पेट में चाकू लगने से उसकी आंतें तक बाहर आ गईं। गंभीर हालत में उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए महासमुंद के सोहम हॉस्पिटल रेफर किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 26 नवंबर 2026 की रात करीब 8:40 बजे की है। वार्ड नंबर 09 अचानकपारा निवासी प्रियांशु महानंद (13 वर्ष), पिता चेतन महानंद, अशोक होटल के पास मेन रोड बागबाहरा में गुरुनानक जयंती की शोभायात्रा देख रहा था। इसी दौरान देवार डेरा चंडी कुटिया निवासी जिगर नामक युवक से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने अपने पास रखे चाकू से प्रियांशु पर हमला कर दिया।
हमले में प्रियांशु के हाथ और पेट में गंभीर चोटें आईं तथा काफी खून बहने लगा। घटना की जानकारी मिलने पर उसके चाचा जितेंद्र महानंद मौके पर पहुंचे। तब तक किसी व्यक्ति द्वारा घायल किशोर को अस्पताल पहुंचाया जा चुका था। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे महासमुंद रेफर कर दिया।
मामले में घायल किशोर के चाचा जितेंद्र महानंद की लिखित शिकायत पर बागबाहरा पुलिस ने प्रथम दृष्टया आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।



