
बसना। बसना थाना क्षेत्र अंतर्गत पलसापाली बैरियर पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो क्रेटा कारों से 150 किलो 750 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है।
इस दौरान तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई गई है, जबकि दो कारों और मोबाइल फोन सहित कुल जब्ती की कीमत लगभग 95.15 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा के पदमपुर की ओर से दो क्रेटा कारों में गांजा लेकर कुछ लोग बसना की ओर आ रहे हैं।
सूचना पर थाना बसना पुलिस ने गवाहों के साथ पलसापाली बैरियर पर नाकाबंदी की। कुछ समय बाद मुखबिर द्वारा बताए गए वाहन क्रमांक OD 02 AC 4644 एवं OD 15 R 3456 को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान दोनों वाहनों की डिक्की से आठ प्लास्टिक बोरियों में भरा गांजा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान तन्मय मिश्रा उर्फ लिपुन, प्रमोद कल्ता उर्फ सिकुन और दीनबंधु मिश्रा, सभी निवासी ओडिशा, के रूप में हुई है।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की विवेचना थाना बसना पुलिस द्वारा की जा रही है।



