
रायपुर। प्रदेश में ठंड का असर लगातार तेज होता जा रहा है। मौसम विज्ञान विभाग ने छत्तीसगढ़ के 18 जिलों में शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 6 से 7 जनवरी और 7 से 8 जनवरी के बीच उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो इलाकों में शीतलहर चल सकती है। इसके साथ ही कई जिलों में मध्यम से घने कोहरे की भी चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, खैरगढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, कबीरधाम, मोहल्ला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और बेमेतरा जिलों में एक-दो स्थानों पर शीतलहर का असर देखा जा सकता है।
इसके अलावा कोरिया, सरगुजा संभाग और बिलासपुर संभाग के कई जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे सुबह के समय सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
बीते 24 घंटों में अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक ठंड का असर बना रहेगा और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



