विनायक नगर फिंगेश्वर में बुजुर्ग के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी

फिंगेश्वर। विनायक नगर निवासी एक बुजुर्ग के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित बुजुर्ग ने बताया कि वह उम्रदराज होने के कारण घर पर ही रहता है।
पीड़ित के अनुसार 16 जनवरी 2026 को विनायक नगर में स्थित उसका कच्चा मकान अतिक्रमण के तहत तोड़ दिया गया। मकान टूटने के बाद उसी स्थान पर ग्राम परसदाकला निवासी छबि साहू, महेश साहू और लक्ष्मीनारायण साहू द्वारा यह कहते हुए ईंट और रेती डाली जा रही थी कि वह जमीन उनकी है और वहां वे मकान बनाएंगे।
जब बुजुर्ग ने तीनों को उस जगह पर ईंट और रेती डालने से मना किया, तो वे एक राय होकर उसके साथ अभद्र व्यवहार करने लगे।
आरोप है कि तीनों ने गंदी-गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और फिर मारपीट व धक्का-मुक्की शुरू कर दी। धक्का लगने से बुजुर्ग जमीन पर गिर पड़ा, जिससे उसके दाहिने हाथ के पंजे में चोट आई।
घटना के बाद पीड़ित ने अपने बेटे सोमनाथ साहू और बहू मोनिका साहू को पूरे मामले की जानकारी दी। पीड़ित का कहना है कि गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी से वह मानसिक रूप से काफी भयभीत है। उसने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



