पिथौरा में साहू समाज कौड़ियां परिक्षेत्र का शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह संपन्न

पिथौरा। बसना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत साहू समाज कौड़ियां परिक्षेत्र क्रमांक 1 द्वारा नवनियुक्त पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक एवं जनप्रिय नेता डॉ. संपत अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह की शुरुआत माता कर्मा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ की गई।
समाज के पदाधिकारियों द्वारा विधायक डॉ. अग्रवाल का पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। अपने संबोधन में विधायक ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि समाज की प्रगति संगठन, एकजुटता और सेवा भावना पर निर्भर करती है। उन्होंने राजनीति से ऊपर उठकर समाज सेवा को वास्तविक परिवर्तन का माध्यम बताया।
डॉ. अग्रवाल ने कौड़ियां परिक्षेत्र के गौरवशाली इतिहास की सराहना करते हुए इसे शिक्षा और संस्कारों की भूमि बताया। उन्होंने सामुदायिक भवन निर्माण एवं सामाजिक गतिविधियों के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया तथा युवाओं से नशामुक्ति और शिक्षा के क्षेत्र में आगे आने की अपील की।
कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ नागरिकों और प्रतिभावान युवाओं का सम्मान किया गया। अंत में नवनियुक्त पदाधिकारियों ने समाज के उत्थान एवं जनहित में कार्य करने की शपथ ली। समारोह में बड़ी संख्या में समाजजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



