मुहर्रम पर रायपुर में ट्रैफिक व्यवस्था बदली, दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन

रायपुर। हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में मनाए जाने वाले मुहर्रम पर्व के अवसर पर शुक्रवार को राजधानी रायपुर में ताजिया जुलूस निकाला जाएगा।
इसे देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। साथ ही शहर में दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है।
पुलिस के अनुसार, राजातालाब, मोमीनपारा, अमीनपारा, छोटापारा, बैजनाथपारा, नेहरू नगर, संजय नगर, टिकरापारा समेत विभिन्न क्षेत्रों से ताजिया जुलूस निकलेंगे। सभी जुलूस निर्धारित मार्गों से होते हुए चौबे कॉलोनी स्थित कर्बला तालाब पहुंचेंगे, जहां उनका समापन होगा।
ताजिया जुलूस का मुख्य मार्ग
ताजनगर, ईरानी डेरा और राजातालाब से निकलने वाले ताजिए नुरानी चौक पहुंचने के बाद पंडरी बस स्टैंड, मरही माता चौक, मौदहापारा मस्जिद गली, गुरूनानक चौक, राठौर चौक, रामसागरपारा, बढ़ईपारा, मोमीनपारा, आजाद चौक, आमापारा और आरकेसी के सामने से होते हुए चौबे कॉलोनी स्थित कर्बला तालाब तक जाएंगे।
इन वैकल्पिक मार्गों का करें उपयोग
पुलिस ने लोगों से जुलूस के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
जीई रोड से दुर्ग-भिलाई जाने वाले वाहन चालक शास्त्री चौक से महिला थाना चौक, कालीबाड़ी चौक, पचपेड़ी नाका और रिंग रोड-1 होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
जीई रोड पर चलने वाली सिटी बसों का संचालन भी कालीबाड़ी चौक, पचपेड़ी नाका और रिंग रोड-1 के रास्ते किया जाएगा।
टाटीबंध से शहर की ओर आने वाले वाहनों को टाटीबंध चौक से रिंग रोड-1 तथा एनआईटी के पास से डंगनिया गोल चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
पुरानी बस्ती, लाखेनगर, सुंदर नगर, डंगनिया और दुर्ग-भिलाई की ओर जाने वाले लोग कालीबाड़ी चौक, संतोषी नगर जलगृह मार्ग और भाठागांव चौक होकर आवागमन कर सकते हैं।
इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
जुलूस के दौरान आजाद चौक से आश्रम तिराहा और चौबे कॉलोनी तक जीई रोड से जुड़ने वाले सभी संपर्क मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन मार्गों से आने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्तों की ओर मोड़ा जाएगा।
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक शास्त्री चौक से चौबे कॉलोनी टर्निंग तक जीई रोड का उपयोग करने से बचें तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।


