Follow Us on Our Social Media
गरियाबंदछत्तीसगढ़
Trending

गोहरापदर कॉलेज में गूंजा नशामुक्ति का संकल्प, विद्यार्थियों ने स्वस्थ जीवन जीने की ली शपथ

Follow Us on Our Social Media

गरियाबंद। शासकीय नवीन महाविद्यालय गोहरापदर में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से नशामुक्ति शपथ एवं परिचर्चा कार्यक्रम आयोजित किया गया। रेड रिबन क्लब और राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस आयोजन में छात्र-छात्राओं ने नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

नशे के दुष्प्रभावों पर हुई सार्थक चर्चा

कार्यक्रम में नशामुक्ति विषय पर परिचर्चा आयोजित की गई। वक्ताओं ने नशे के कारण होने वाले शारीरिक और मानसिक नुकसान के साथ-साथ इसके सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों पर विद्यार्थियों से संवाद किया। चर्चा के बाद महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से जीवन में किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली।

कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ. टी. एस. सोनवानी के निर्देशन में तथा रासेयो कार्यक्रम अधिकारी सनत कुमार और NEP नोडल अधिकारी महेन्द्र कुमार साहू के मार्गदर्शन में किया गया

अनुशासन और नियमित अध्ययन पर जोर

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. टी. एस. सोनवानी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के लिए अनुशासन, समय का सदुपयोग और नियमित अध्ययन बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से समय पर महाविद्यालय पहुंचने, नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने और महाविद्यालय के नियमों का पालन करने की अपील की

NEP 2020 के जरिए कौशल और रोजगारपरक शिक्षा पर जोर

NEP नोडल अधिकारी महेन्द्र कुमार साहू ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, कौशल निर्माण, व्यावहारिक ज्ञान, रचनात्मकता और रोजगारपरक शिक्षा पर भी जोर देती है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सह-पाठ्यक्रम एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया

नवागंतुक विद्यार्थियों का हुआ परिचय

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय में प्रवेश लेने वाले नवागंतुक विद्यार्थियों का सभी प्राध्यापकों से परिचय कराया गया। प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।

वहीं रासेयो कार्यक्रम अधिकारी सनत कुमार ने विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और सामाजिक सरोकारों से जुड़कर राष्ट्र एवं समाज सेवा में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के अधिकांश छात्र-छात्राओं के साथ समस्त स्टाफ और अतिथि व्याख्याताओं की उपस्थिति रही। आयोजन के दौरान नशामुक्त समाज के निर्माण के साथ विद्यार्थियों के बेहतर शैक्षणिक एवं सामाजिक भविष्य का संदेश दिया गया।

 

Related Articles

Back to top button