रायपुर प्रेस क्लब चुनाव 2026: मोहन तिवारी अध्यक्ष, नई कार्यकारिणी घोषित

रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब चुनाव 2026 के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। चुनाव परिणाम सामने आते ही पत्रकार जगत में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। अध्यक्ष पद पर मोहन तिवारी ने शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने 268 मतों के अंतर से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को पराजित किया। महासचिव पद पर गौरव शर्मा 194 मतों से विजयी रहे, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए दिलीप साहू ने 123 मतों से जीत हासिल की।
कोषाध्यक्ष पद पर दिनेश यादव को 199 मत मिले और वे निर्वाचित घोषित किए गए। संयुक्त सचिव के दो पदों के लिए हुए चुनाव में भूपेश जांगड़े 149 मतों से और निवेदिता साहू 154 मतों से विजयी रहीं। इस बार के चुनाव में कुल 787 पत्रकारों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो प्रेस क्लब के लोकतांत्रिक स्वरूप और सक्रियता को दर्शाता है।
परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने बाजे-गाजे, मिठाइयों और पटाखों के साथ जश्न मनाया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सभी पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रेस क्लब को और अधिक सशक्त, पारदर्शी और पत्रकार हितैषी बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि संगठन की एकता, पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा और पेशेवर गरिमा को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।


