Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़
Trending

युवा नेता दीपेश निषाद को मिला महासचिव का दायित्व

नगरी। नगर व्यवस्था समिति की आवश्यक बैठक में सर्वसम्मति से महत्वपूर्ण संगठनात्मक बदलाव करते हुए युवा व सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता दीपेश निषाद को समिति का नया महासचिव नियुक्त किया गया। यह निर्णय तत्कालीन महासचिव प्रदीप जैन के पारिवारिक कारणों से दिए गए त्यागपत्र के बाद लिया गया।

बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने रिक्त पद के लिए दीपेश निषाद के नाम का समर्थन किया। समिति वर्षों से नगर के कृषि कार्यों, देव कार्यों, परंपरागत आयोजनों और सांस्कृतिक गतिविधियों के सफल संचालन में अहम भूमिका निभाती आ रही है। ऐसे में महासचिव के रूप में दीपेश निषाद की नियुक्ति को संगठन के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

नगर व्यवस्था समिति का गठन प्रत्येक तीन वर्ष में मां दंतेश्वरी प्रांगण में नगरवासियों की उपस्थिति में सर्वसम्मति से किया जाता है। मड़ाई मेला सहित अनेक पारंपरिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सफल आयोजन समिति के माध्यम से होता रहा है।

पूर्व महासचिव प्रदीप जैन ने अपने कार्यकाल में किए गए योगदान के लिए सदस्यों का आभार जताते हुए पद से इस्तीफा दिया। हालांकि वे आगे भी कार्यकारिणी सदस्य के रूप में समिति से जुड़े रहेंगे। बैठक में सदस्यों ने उनके योगदान की सराहना की।

नव नियुक्त महासचिव दीपेश निषाद वर्तमान में कई सामाजिक दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। वे निषाद समाज नगरी के उपाध्यक्ष, प्रेस क्लब सिहावा नगरी के सचिव तथा धमतरी निषाद समाज के युवा अध्यक्ष हैं। समिति सदस्यों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में युवा पीढ़ी को सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने में नई ऊर्जा मिलेगी।

बैठक में सह सचिव नोहर साहू के निरंतर सक्रिय योगदान की भी प्रशंसा की गई और उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।

इस अवसर पर अध्यक्ष नंद यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत सिंह छाबड़ा, रतन साहू, पंडित ठाकुर्धार शर्मा, देवी चंद्र डेलरिया, उत्तम गौर, गोपी कश्यप, शैलेंद्र लहरिया, पवन किरण, हृदय नाग सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने दीपेश निषाद को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Back to top button