Follow Us on Our Social Media
छत्तीसगढ़
Trending

किसान हित में सरकार का निर्णय, दो दिन बढ़ी धान खरीदी की अवधि

Follow Us on Our Social Media

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर राज्य सरकार ने किसानों के हित में एक अहम निर्णय लेते हुए धान खरीदी प्रक्रिया में अतिरिक्त राहत प्रदान की है।

किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके मद्देनज़र तीन विशेष श्रेणियों के किसानों को धान विक्रय के लिए अतिरिक्त दो दिवस 05 एवं 06 फरवरी 2026 तक की अनुमति दी गई है।

इस निर्णय के तहत वे किसान, जिन्होंने 10 जनवरी 2026 के बाद टोकन के लिए आवेदन किया था लेकिन जिनका सत्यापन नहीं हो सका, अतिरिक्त अवधि में धान विक्रय कर सकेंगे।

इसके साथ ही ऐसे किसान, जिन्होंने 10 जनवरी के पश्चात आवेदन किया और सत्यापन के दौरान जिनके पास धान पाया गया है, उन्हें भी इस राहत का लाभ मिलेगा।

तीसरी श्रेणी में वे किसान शामिल हैं, जिन्हें 28, 29 एवं 30 जनवरी 2026 को टोकन प्राप्त हुआ था, लेकिन किसी कारणवश वे निर्धारित तिथि पर धान विक्रय नहीं कर पाए थे।

मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बारदाना एवं हमालों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, ताकि खरीदी प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

राज्य सरकार का यह निर्णय किसानों के प्रति उसकी संवेदनशीलता को दर्शाता है और यह सुनिश्चित करता है कि किसी भी किसान की उपज बिना विक्रय के न रहे। यह पहल सरकार की किसान हितैषी नीतियों और उनकी आय सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

Related Articles

Back to top button