Follow Us on Our Social Media
अपराध / हादसाओडिशाछत्तीसगढ़

गरियाबंद में सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता, जंगल में छिपाकर रखी गई नक्सली विस्फोटक सामग्री बरामद

गरियाबंद, 12 जून 2026। जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुल्हाड़ीघाट कैंप से लगभग 10 किलोमीटर दूर ग्राम दड़ईपानी के जंगलों में सुरक्षाबलों को नक्सलियों के एक बड़े विस्फोटक डम्प का पता चला है। एफ/65 बटालियन सीआरपीएफ, जिला पुलिस बल एवं बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) की संयुक्त टीम द्वारा चलाए गए सर्च अभियान के दौरान यह महत्वपूर्ण सफलता मिली।

जानकारी के अनुसार, संयुक्त सुरक्षा बल क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान पर निकला हुआ था। अभियान के दौरान जवानों को संदिग्ध स्थान पर नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई विस्फोटक एवं अन्य सामग्री का डम्प मिला। इसके बाद बीडीएस टीम की सहायता से क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए सामग्री को बरामद किया गया।बरामद सामग्री में लगभग 15 मीटर कमर्शियल कॉर्डेक्स वायर, 1.5 किलोग्राम गन पाउडर, जिलेटिन रॉड, एक कुकर आईईडी (लगभग 4 किलोग्राम), एक टिफिन आईईडी (लगभग 5 किलोग्राम), 6 बीजीएल राउंड, एक एयर गन, एक इंटरसेप्टर, एक इंसास मैगजीन सहित दवाइयां एवं दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री शामिल है।सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील पाए गए दोनों आईईडी बमों को बीडीएस टीम द्वारा मौके पर ही नियंत्रित विस्फोट कर सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई से क्षेत्र में किसी संभावित बड़ी नक्सली घटना को टालने में सफलता मिली है।गरियाबंद पुलिस एवं सीआरपीएफ द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाइयाँ आगे भी जारी रहेंगी।

Follow Us on Our Social Media

Related Articles

Back to top button